मथुरा जिले में वृंदावन के नजदीक कृष्णधाम मंदिर बनेगा। सौ एकड़ में फैले इस मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की सौ फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित होगी। मंदिर में भगवान कृष्ण की लीलाओं को दर्शाती झांकियां होंगी। संगीतमय फव्वारे होंगे। महायोगी ध्यान केंद्र भी विकसित किए जाएंगे।वृंदावन के नजदीक पर्यटन के नए केंद्र के रूप में इसे विकसित किया जाएगा। कृष्णधाम मंदिर यमुना प्राधिकरण के हेरिटेज सिटी परियोजना का हिस्सा है।परीचौक से कृष्ण धाम की दूरी तकरीबन 72 किमी और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 47 किमी होगी।परियोजना को तीन चरण में पूरा किया जाएगा। पहला चरण 2027 तक पूरा होगा। दूसरा चरण 2028 से 31 और तीसरा चरण 2031 से 2034 तक पूरा होगा। पहले चरण में सबसे अहम कृष्ण धाम मंदिर, बीस हजार वर्गमीटर में फैले चार योग केंद्र होंगे। श्रद्धालु और धार्मिक पर्यटन पर आने वालों को भगवान श्रीकृष्ण की बाल्यकाल से लेकर पूरे जीवन काल को झांकियों के माध्यम से देखने का मौका मिलेगा।मंदिर के निर्माण मथुरा वास्तुकला के अनुरूप होगा। मंदिर परिसर में भगवान कृष्ण की सौ फीट ऊंची प्रतिमा होगी। मंदिर के प्रवेश द्वार द्वापर युगीन वनों के नाम पर होंगे। मंदिर और कृष्ण प्रतिमा का निर्माण यमुना प्राधिकरण कराएगा।